UAE: संयुक्त अरब अमीरात की ओर से बहुत ही बड़ी खबर सामने आ रही है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए ईरानी हमलों के बाद अब तक देश ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, 2 क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोनों का सामना किया है। इसमें तीन सिविलियन ने अपनी जान गवायी। इसके अलावा 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं
दूसरे दिन की कार्रवाई
हमले के दूसरे दिन यूएई सशस्त्र बलों ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट किया, जबकि 8 मिसाइलें समुद्र में गिर गईं। इसके अलावा 2 क्रूज मिसाइलों और 311 ड्रोनों को भी मार गिराया गया। हालांकि 21 ड्रोन नागरिक ठिकानों तक पहुंच गए।
कुल इंटरसेप्शन का आंकड़ा
मंत्रालय के अनुसार अब तक दागी गई 165 मिसाइलों में से 152 को नष्ट कर दिया गया, जबकि 13 समुद्र में गिरीं। इसी तरह 541 ड्रोनों में से 506 को रोककर नष्ट किया गया, जबकि 35 ड्रोन यूएई के अंदर गिरे और नुकसान हुआ।
मौत और घायल
इन घटनाओं में 3 लोगों की मौत हुई है — जिनमें पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों में अमीराती, मिस्री, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडाई, इरिट्रियाई, लेबनानी और अफगान नागरिक शामिल हैं।
कुछ जगह संपत्ति को नुकसान
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल और ड्रोन इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे से देश के अलग-अलग हिस्सों में नागरिक संपत्तियों को हल्का से मध्यम नुकसान हुआ है।
सेना पूरी तरह तैयार
मंत्रालय ने कहा कि यूएई की सशस्त्र सेनाएं किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और नागरिकों, निवासियों व आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लें और अफवाहें या अपुष्ट खबरें फैलाने से बचें।











