Saudi: इजराइल-अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच ईरान ने सऊदी के अरामको के उपर ड्रोन हमला कर दिया है। उद्योग जगत के एक सूत्र ने सोमवार को बताया कि सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने ड्रोन हमले के बाद अपनी रास तनूरा रिफाइनरी को बंद कर दिया है। यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया। यह घटना उस समय हुई जब अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के जवाब में तेहरान ने पूरे क्षेत्र में हमले शुरू किए।
मध्य पूर्व की बड़ी रिफाइनरी
सऊदी अरब के खाड़ी तट पर स्थित रास तनूरा मध्य पूर्व की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक है। इसकी क्षमता लगभग 5.5 लाख बैरल प्रतिदिन है और यह सऊदी कच्चे तेल के लिए एक अहम निर्यात केंद्र है।
स्थिति नियंत्रण में
सूत्रों के मुताबिक स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। अरामको ने ईमेल के जरिए पूछे गए सवालों पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।
ड्रोन हमलों की इस लहर में अबू धाबी, दुबई, दोहा, मनामा और ओमान के दुक्म जैसे इलाकों को भी निशाना बनाया गया है। इन हमलों से यूएई और ओमान के बड़े शिपिंग केंद्र प्रभावित हुए हैं। इसी बीच सोमवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत में लगभग 10% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
पहले भी बन चुकी है निशाना
गौरतलब है कि सऊदी अरब की ऊर्जा सुविधाएं पहले भी निशाने पर रह चुकी हैं। सितंबर 2019 में अब्कैक और खुरैस प्लांट पर बड़े ड्रोन और मिसाइल हमलों से देश के तेल उत्पादन का आधे से ज्यादा हिस्सा कुछ समय के लिए ठप हो गया था, जिससे वैश्विक बाजार हिल गए थे।












