मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब सातवें दिन में पहुंच चुका है। ऐसे में यूएई के कई निवासी अब अपने फोन पर आने वाली emergency alert की आवाज़ से परिचित हो चुके हैं।
घर या ऑफिस में होने पर सुरक्षित जगह पर जाना आसान होता है, जैसे कि घर के अंदर के कमरे में रहना और खिड़कियों व दरवाजों से दूर रहना। लेकिन कई लोगों के मन में सवाल आता है कि अगर अलर्ट उस समय आए जब वे गाड़ी चला रहे हों, तो क्या करना चाहिए।
दुबई पुलिस ने जारी किए निर्देश
दुबई पुलिस ने इसके लिए साफ निर्देश जारी किए हैं। अगर गाड़ी चलाते समय आपको आपातकालीन अलर्ट मिले, तो घबराएं नहीं और सावधानी से गाड़ी चलाते रहें। सड़क पर अचानक गाड़ी न रोकें और बिना वजह किनारे न लगाएं। अगर आसपास कोई सैन्य गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी फोटो या वीडियो न बनाएं और सड़क से ध्यान न हटाएं।
अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचने के बाद तुरंत किसी इमारत के अंदर चले जाएं और खिड़कियों से दूर सुरक्षित जगह पर रहें। जब तक अधिकारियों की ओर से “सब सुरक्षित है” की आधिकारिक सूचना न मिल जाए, वहीं रहें।
अधिकारियों ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें और अफवाहें फैलाने से बचें।












