विमानन विश्लेषण कंपनी सिरियम के अनुसार, अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण रविवार को खाड़ी और मध्य पूर्व के देशों में 700 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं।
कितनी उड़ानें रद्द हुईं
आंकड़ों के मुताबिक, मध्य पूर्व में तय 4,329 उड़ानों में से रविवार (1 मार्च 2026) को 716 उड़ानें आधिकारिक तौर पर रद्द हुईं। दिन भर में एयरलाइंस जैसे-जैसे नई जानकारी देंगी, रद्द उड़ानों की संख्या और बढ़ सकती है।
और बढ़ सकती है रद्द उड़ानों की संख्या
कई एयरलाइनों ने अभी तक औपचारिक रद्दीकरण घोषित नहीं किया है, लेकिन हवाई क्षेत्र बंद होने, ईरान-इजराइल के बीच लगातार मिसाइल हमलों और तेहरान पर अमेरिकी हमलों के कारण इन उड़ानों के चलने की संभावना बहुत कम है।
किन एयरलाइनों पर असर
सिरियम के अनुसार, शनिवार और रविवार को जिन एयरलाइनों ने उड़ानें रद्द की हैं, उनमें अमीरात, फ्लाईदुबई, एतिहाद एयरवेज, एयर अरबिया, कतर एयरवेज, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA), एयर इंडिया, ब्रिटिश एयरवेज, ईजिप्टएयर, रॉयल जॉर्डनियन, सऊदिया, तुर्की एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस, विज़ एयर, ओमान एयर और फ्लाईनास शामिल हैं।
हवाई क्षेत्र बंद होने का असर
ईरान द्वारा कई जगहों पर मिसाइल दागे जाने के बाद शनिवार को कई क्षेत्रीय देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था, और रविवार को भी कई खाड़ी देशों में हवाई क्षेत्र बंद रहा।
शनिवार के आंकड़े
डेटा के मुताबिक, शनिवार को खाड़ी और मध्य पूर्व के देशों में आने-जाने वाली 1,800 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं। सैन्य तनाव के कारण पूरे क्षेत्र में करीब 966 उड़ानें प्रभावित हुईं।
आंकड़ों से यह भी पता चला कि शनिवार, 28 फरवरी को मध्य पूर्व के देशों में लगभग 4,218 उड़ानें निर्धारित थीं।









